यूपी के बलिया जिले के एक गांव में आई बारात में भोज के दौरान पत्तल लगाने को लेकर विवाद हो गया। इस बात पर दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में पॉलिटेक्निक छात्र विशाल पटेल (20) की मौत हो गई। विशाल के पिता क्षेत्र पंचायत सदस्य सत्यनारायण की तहरीर पर पुलिस ने पांच पर केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सुखपुरा के बसंतपुर निवासी शिवशंकर पटेल के पुत्र शिवजी पटेल की बारात शनिवार की शाम मनियर थाना क्षेत्र के बड़कीबारी निवासी हरिकिशुन पटेल के यहां आई थी। भोज के समय पत्तल लगाने के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई।
दोनों ओर से कुर्सियां फेंकी गईं। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। लेकिन भोजन करने आए युवकों ने घर जाकर इसकी जानकारी दे दी। इसके बाद उनके घर वाले लाठी-डंडे व हाकी लेकर पहुंचे और दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया।
इसमें विशाल पटेल, अमित पटेल, अजय, नंदलाल, सुरजीत यादव घायल हो गए। सभी को पीएचसी पहुंचाया गया। यहां से विशाल को जिला अस्पताल और वहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। विशाल सहारनपुरपुर में पॉलीटेक्निक तृतीय सेमेस्टर का छात्र था।