स्टोर से नशे का इंजेक्शन मिलने पर जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बलिया शहर के लोटापट्टी स्थित एक जनरल स्टोर पर शुक्रवार को हुई छापेमारी में नशा करने वाले 316 रीफिल इंजेक्शन बरामद किए गए। इस मामले में जनरल स्टोर संचालक रामजी गुप्ता का चालान कर दिया गया।
शहर कोतवाल शशिमौली पांडेय ने बताया कि नगर के कुछ जनरल स्टोरों से प्रतिबंधित नशा करने वाला इंजेक्शन बेचने की शिकायत काफी दिनों से मिल रही थी। शुक्रवार को किसी ने फोन करके बताया कि लोहापट्टी के एक जनरल स्टोर पर प्रतिबंधित इंजेक्शन का स्टाक बड़ी मात्रा में मौजूद है।
जानकारी मिलते ही उन्होंने टीम के साथ दूकान पर छापा मारा। इस दौरान दूकान में रखी दवाओं को चेक किया गया तो एक कार्टून में छिपाकर रखे गए प्रतिबंधित इंजेक्शन के 316 रीफिल पाए गए।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर जीसी मौर्या ने बताया कि उक्त इंजेक्शन प्रतिबंधित है। पर्चे पर चिकित्सक के लिखे बिना न तो इसकी बिक्री की जा सकती है न कोई इसका इस्तेमाल कर सकता है।
पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने बताया कि नशेड़ी युवक इस इंजेक्शन का इस्तेमाल नशे के लिए करते हैं। जनरल स्टोर से मिले 316 इंजेक्शनों को सील करवा दिया और दूकान संचालक को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है।