उत्तर प्रदेश में बलिया एसपी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पुलिस के हाथों सफलता लगी। बहादुरपुर पुलिया के समीप से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शशिमौलि पांडेय एवं स्वाट टीम प्रभारी विनीत राय की टीम ने संयुक्त रूप से एक लाख रुपये जाली नोट के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शनिवार को पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए एएसपी विजय पाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बिहार प्रांत के सारण जिला निवासी अमित कुमार सिंह, श्रवण कुमार शाह व अर्जुन राय हैं। इन्हें शहर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर पुलिया के पास से एक लाख रुपये जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जाली नोटों को बिहार से लाते हैं और बलिया में बदलते थे। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 500 रुपये को 400 रुपये में, 200 रुपये को 150 रुपये में व 100 रुपये को 80 रुपये में बदल देते हैं।
पकड़े गए अभियुक्त बहादुरपुर में दुकानों पर सामान खरीदकर बदलने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान दुकानदारों को शंका हुई और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को दबोच लिया।
एएसपी विजय पाल सिंह ने बताया कि 500 रुपये के 50 नोट, 200 रुपये के 255 नोट तथा 100 रुपये के 240 नोट पकड़े गए। कुल एक लाख रुपये बरामद किये गए। सभी बिहार प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों से जाली नोट लाकर जिले भर में बदलते थे।