बलिया जिले के मनियर क्षेत्र के दक्षिण पटखौली निवासी अभिनव पाठक की वीरता पर भारत सरकार ने गैलेंट्री अवार्ड देने के लिए उनका चयन किया है। वह सेना के राजपूत रेजिमेंट 44 आरआर के जवान हैं। अभिनव को यह सम्मान स्वतंत्रता दिवस पर दिया जाएगा।
देश की रक्षा में वीरता दिखाने के लिए गैलेंट्री अवार्ड दिया जाता है। अभिनव पाठक ने जम्मू कश्मीर के शोपिया जिले में दियारु गांव में 17 अप्रैल 2020 को एक आतंकवादी को मार गिराया था। मारा गया राहिल मांजरी हिजबुल मुजाहिदीन का सदस्य था। अभिनव को इस सम्मान के लिए चयनित होने पर गांव में खुशी की लहर है। जवान के भाई और कांग्रेस के मनियर ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पाठक ने कहा कि मुझे अपने भाई की बहादुरी पर गर्व है। पिता अशोक पाठक का कहना है कि मेरे पुत्र ने अवार्ड का हक पाकर अपने गांव सहित जनपद का नाम रोशन किया है। उसकी बहादुरी पर हम सब को गर्व है। गौरतलब हो कि सेना द्वारा जारी गैलेंट्री अवार्ड लिस्ट में 104 नंबर पर अभिनव पाठक का नाम है।