हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को बलिया जिले के बैरिया स्थित एक निजी कटरा में चल रहे ईशा मसीह प्रार्थना सभा को घेर लिया और धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना सभा स्थल के बाहर नारेबाजी भी की।
सूचना पर पहुंची बैरिया चौकी पुलिस ने शांति व्यवस्था बहाल करते हुए मौके से संचालिका समेत तीन लोगों को थाने ले गए। उधर, इसकी सूचना मिलते ही बलिया, गोरखपुर चर्च के सदस्य भी थाने पहुंच गए। हिंयुवा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बताया जाता है कि बैरिया स्थित कस्बा में काफी दिनों से प्रत्येक रविवार को एक कटरे में ईशा मसीह प्रार्थना सभा का आयोजन होता चला आ रहा है। प्रार्थना सभा शुरू होते ही हिंयुवा के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रार्थना की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए स्थल का घेराव कर दिया और पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर बैरिया चौकी प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे और मामले को शांत कराते हुए संचालिका सुनीता देवी, शिवजी यादव, विजय आदि को थाने पर ले गए। इसके बाद घेराव करने वाले कार्यकर्ता भी थाने पर पहुंचे।
हिंयुवा कार्यकर्ताओं ने गरीब और अशिक्षित लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।
थाने में संस्था की संचालिका सुनीता देवी ने स्वीकार किया कि यहां कई लोगों ने ईसाई धर्म स्वीकार किए हैं। कहा कि सभी ने स्वेच्छा से ईसाई धर्म स्वीकार किया है। उधर, सूचना पाकर बलिया चर्च के फादर आंध्र प्रदेश निवासी पोल के साथ सदस्य टीसी मोहन और झांसी निवासी राहुल, साथ गोरखपुर चर्च के सदस्य सेमसन, केरला निवासी चर्च सदस्य आदि कई लोग बैरिया थाने पर पहुंच गए।
बैरिया के कोतवाल अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि वह फिलहाल सिकंदरपुर के महावीरी झंडा ड्यूटी पर हैं। ड्यूटी समाप्त होने के बाद थाने पहुंचकर मामले की पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।