डीएम भवानी सिंह खंगारौत
- फोटो : amar ujala
हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को डीएम भवानी सिंह खंगारौत से मिला। इस दौरान बेल्थरारोड के गांधी मोहम्मद अली मेमोरियल इंटर कॉलेज में विगत दिनों भारत माता की जय व वंदे मातरम गाने पर छात्रों को मुर्गा बनाए जाने पर रोष व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से कहा कि आपके द्वारा गठित की गई जांच कमेटी के सदस्यों द्वारा प्रधानाचार्य के घर पर जाकर मलाई काटी जा रही है। प्रधानाचार्य के खिलाफ जांच का आदेश भी कमेटी के सदस्यों को दिया गया है। जिससे जांच को प्रभावित होने की प्रबल संभावना है। ऐसी जांच कमेटी से स्वच्छ जांच की अपेक्षा नहीं की जा सकती है।
टीम गठित होने के बाद प्रधानाचार्य द्वारा 12 लड़कों को बुलाकर भारत माता की जय बोलने वाले छात्रों की पिटाई कराई गई और पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया गया। जो अत्यंत ही निंदनीय है। प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मांग करते हुए कहा कि प्रबंध समिति तथा प्रधानाचार्य के खिलाफ उचित कार्रवाई करते हुए कॉलेज की मान्यता रद्द कर देशद्रोह का केस दर्ज किया जाए।
उधर, भाजपा के पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह ने इंटर कॉलेज में भारत माता की जय न बोलने के प्रकरण में पाक जिंदाबाद के नारे को दुर्भाग्यपूर्ण है। बलिया क्रांतिवीरों की धरती रही है। ऐसे में यह बागी बलिया के माथे पर कलंक है।
उन्होंने साफ तौर पर इसके लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि इस पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो यह उग्र रुप धारण करेगा। साथ भाजपा के राष्ट्रभक्ति पर भी सवाल उठाएगा। उन्होने अमर उजाला से दूरभाष पर कहा कि इस प्रकरण की चर्चा लखनऊ में हो रही है।