हंगामे की सूचना पर रविवार को जिला कारागार पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी
- फोटो : अमर उजाला
बलिया जिला कारागार में निरुद्ध रेप के आरोपी सिपाही को वीआईपी सुविधा देने का विरोध और डिप्टी जेलर वीपी शर्मा को हटाये जाने की मांग को लेकर निरुद्ध छात्र नेताओं एवं कैदियों का भूख हड़ताल सोमवार को दूसरे दिन भी जारी है। गोरखपुर परिक्षेत्र के कारागार डीआईजी यादवेंद्र शुक्ल हड़ताल कर रहे कैदियों से वार्ता करने पहुंचे हैं।
समाचार लिखे जाने तक कैदियों और डीआईजी में वार्ता चल रही है। जेल में हंगामे की सूचना पर रविवार को नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी भी जिला कारागार पहुंचे थे। कैदियों ने उन्हें छह मांगों का पत्रक सौंपा था।
सोमवार को छात्रसंघ नेताओं ने डीआईजी को बताया कि डिप्टी जेलर वीपी शर्मा द्वारा बैरक नंबर-सात में छात्रों को रखा गया। जबकि दुष्कर्म मामले के आरोपी सिपाही धरम प्रसाद को नियमो में छूट देकर बैरक नंबर-दो-ए में रखा गया। इस प्रकार हम छात्रनेताओं के साथ डिप्टी जेलर द्वारा सौतेला व्यवहार किया गया।
जिससे मजबूर होकर हम छात्रनेताओं ने भूख हड़ताल रखा। समर्थन में जेल में निरूद्ध कैदियों ने भी दिया। छात्रों ने मांग किया कि डिप्टी जेलर का स्थानांतरण किया जाय। शौचालयों की मरम्मत व निर्माण किया जाय।
इसके साथ ही पीने व स्नान करने के लिए स्वच्छ जल की व्यवस्था के साथ ही बंद कैदियों को समुचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाय।
बैरकों में जेनरेटर से पंखा चलाने की व्यवस्था की जाय। कैदियों से दुर्व्यवहार करने वाले तथा अवैध धन उगाही करने वाले बंदीरक्षकों और अधिकारियों का स्थानांतरण किया जाय। चेताया कि जब तक छात्रनेताओं को न्याय एवं डिप्टी जेलर का स्थानांतरण नहीं हो जाता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगा।
छात्रनेताओं ने बताया कि रविवार के दिन से जेल के सैकड़ों कैदी हम लोगों के समर्थन में भूख हड़ताल पर है। समाचार लिखे जाने तक डीआईजी व छात्रनेताओं में वार्ता चलती रही।