यूपी के आजमगढ़ जिले के लालगंज से भाजपा सांसद नीलम सोनकर को शायद डिप्टी सीएम और सीएम में अतंर नहीं मालूम है तभी तो उनसे रविवार को गलती हो गई। आजमगढ़ जिले रैदोपुर में आयोजित सभा में वो उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री कह कर सबोंधित करती रहीं।
दरअसल, स्वच्छ यूपी स्वस्थ्य यूपी कार्यक्रम की शुरूआत करने वहां डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य करने पहुंचे थे। वहां कार्यक्रम में डिप्टी सीएम के संबोधन के बाद अन्य भाजपा नेताओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इसी क्रम में लालगंज सांसद ने जिले के बाजारों में पानी निकास की व्यवस्था कराने की मांग डिप्टी सीएम से की। लेकिन इस दौरान वह उपमुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री कहकर संबोधित करती नजर आईं। उनसे हुई इस गलती के बाद वहां मौजूद नेता बगले झांकने लगे।
डिप्टी सीएम ने गिनाईं प्रदेश सरकार की उपलब्धियां
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि 23 अक्टूबर 2108 तक भारत को खुले में शौच से मुक्त करना है। इसके लिए 1 करोड़ 20 लाख शौचालय बनाने का लक्ष्य था। 4401 शहर में 1.04 करोड़ परिवार को स्वच्छता की दृष्टि से ये सुविधा प्रदान की गई है। 2.50 लाख सामुदायिक शौचालय बनाये जा रहे है।
10 लाख प्रधानमंत्री आवास बन रहे हैं। 36 लाख करोड़ का किसानों का कर्ज माफ किया जा रहा है। 28 करोड़ गरीब व्यक्तियों के बैंक में खाते खोले गए हैं। तीन करोड़ से अधिक नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गुंडा, माफिया, भू-माफिया के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें।
सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए कि बाढ़ पीड़ितों को प्राथमिकता पर सहायता उपलब्ध कराएं। उन्हे राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, चिकित्सा सुविधा एवं दवाएं बाढ़ चौकी में ही उपलब्ध कराई जाए। फसल ऋण मोचन योजना की समीक्षा कर उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र किसान छूटने न पाएं।