बाबतपुर। कोरोना को लेकर बाबतपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट है, मंगलवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस के आईएक्स विमान में शारजाह से आए 180 यात्रियों की जांच व स्क्रीनिंग की गई तो किसी में संक्रमण का लक्षण नहीं पाया गया। मेडिकल टीम ने यात्रियों की जांच के बाद 14 दिन तक घर में रहने की हिदायत दी। एहतियातन इन यात्रियों को एयरपोर्ट के पास बने सेफजोन में रखने की कवायद थी, 180 यात्रियों को सेफजोन तक ले जाने के लिए रोडवेज की दो बसें भी मंगा ली गई थी। एसडीएम पिंडरा मौके पर पहुंचे और मेडिकल टीम से शारजाह से आए यात्रियों की जांच व स्क्रीनिंग के बाबत जानकारी ली। वहीं बाबतपुर एयरपोर्ट अथारिटी के अनुसार उड्डयन मंत्रालय ने नए आदेश में 18 मार्च की शाम 5.30 बजे के बाद खाड़ी देशों से भारत आने वाले यात्रियों पर रोक लगा दी है। यह आदेश 31 मार्च तक लागू रहेगा।
कोरोना को लेकर विशेष सावधानी बरत रहे उड्डयन मंत्रालय ने 18 मार्च की शाम 5.30 बजे के बाद खाड़ी देशों से आने वाले यात्रियों पर रोक लगा दी है। बाबतपुर एयरपोर्ट पर बुधवार शाम 5.30 बजे के बाद खाड़ी देशों से आने वाले यात्री 31 मार्च तक नहीं आ सकेंगे। एहतियातन, बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले यात्रियों की थर्मल इमेज स्क्रीनिंग कैमरे से जांच करवाई जा रही है। तापमान सामान्य से ज्यादा मिलने पर मेडिकल टीम द्वारा सेफ जोन में रखकर 24 घंटे की निगरानी की जाएगी। बाबतपुर एयरपोर्ट से शारजाह के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान और बैंकॉक से थाइस्माइल एयरवेज का विमान ही संचालित हो रहा है। बाबतपुर एयरपोर्ट सहित आसपास इलाकों में सेफजोन बनाया जा रहा है। पिंडरा एसडीएम ए मणिकंडन ने बताया कि दोपहर में पहुंचे शारजाह के 180 यात्रियों की प्राथमिक जांच के बाद 14 दिनों तक निगरानी में रखने के लिए परिजनों को निर्देशित किया गया। सभी के नाम, पते और मोबाइल नंबर दर्ज कर लिया गया है। एयरपोर्ट पर फूलपुर व बड़ागांव पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।