बाबतपुर। वाराणसी से मलयेशिया गुरुवार को हवाई मार्ग से सीधे जुड़ गया। गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे व कुआलालमपुर के बीच सीधी विमान सेवा शुरू हुई। मलिंडो एयर का विमान ओडि - 290 भारतीय समयानुसार कुआलालंपुर से शाम 7: 05 बजे 87 यात्रियों को लेकर उड़ान भरा और वाराणसी एयरपोर्ट पर रात 9:05 बजे उतरा। फिर वही विमान वाराणासी एयरपोर्ट से ओडि 291 बनकर रात 10:10 बजे 92 यात्रियों को लेकर कुआलालमपुर के लिए उड़ान भरा। कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर सुबह 5:30 बजे इसके पहुंचेगा। बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे विमान का स्वागत वाटर कैनन सैल्यूट के साथ हुआ। इस दौरान एयरपोर्ट अथारिटी व मलिंडो एयर के अधिकारी मौजूद रहे। यह विमान सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगा।
इस विमान के शुरू होने से पहले वाराणसी एयरपोर्ट से चार देशों के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा संचालित हो रही थी जिसमें शारजाह, बैंकॉक, काठमांडू और श्रीलंका शामिल थे। मलिंडो का विमान शुरू होने से वाराणसी से अब पांच देश हवाई मार्ग से जुड़ गए। वाराणसी एयरपोर्ट का विस्तारीकरण के साथ ही यहां से अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट की संख्या में भी इजाफा किया जा रहा है। इस मौके पर एयरपोर्ट निदेशक एके राय ने कहा कि यह वाराणसी एयरपोर्ट के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस विमान के शुरू होने से अब वाराणासी एयरपोर्ट से पांच देशों के लिए विमान का संचालन शुरू हो गया। मलिंडो एयरलाइंस के इंडिया हेड मनोज मेहता ने कहा कि यह विमान मलयेशिया और वाराणासी के लोगों को धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन कराने के साथ साथ व्यापार को भी बढ़ावा देगा। इससे बौद्ध धर्मावलंबियों को भी सहूलियत होगी। अमित परदासानी सहित मलिंडों एयर के कई अधिकारी मौजूद रहे।