बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स के हवाई अड्डे पर हुए सीरियल धमाके की गूंज यहां बनारस तक सुनाई दी। दोपहर में दिल्ली मुख्यालय के निर्देश के बाद लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। एयरपोर्ट परिसर की पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही एंट्री टिकट की बिक्री रोक दी गई। ब्रसेल्स की घटना के बाद यह एहतियातन कदम उठाया गया।
एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के बाद दोपहर दो बजे से एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट है। परिसर में हरेक शख्स को चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। मुख्य टर्मिनल भवन के प्रस्थान गेट पर लगी एक्सरे मशीन से जांच के उपरांत ही लगेज अंदर ले जाए गए। सिक्योरिटी होल्ड एरिया से लेकर रनवे तक पर सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त रहे। वहीं पोर्टिको तक किसी भी वाहन को आने नहीं दिया गया। सभी वाहन पार्किंग एरिया में ही रोके गए।
दोपहर बाद से ही एयरपोर्ट परिसर से बाबतपुर चौराहे तक पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई। मालूम हो कि बाबतपुर एयरपोर्ट से रोजाना 22 उड़ानें अलग-अलग शहरों के लिए हैं। इसके अलावा चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानें काठमांडू (नेपाल), बैंकाक (थाईलैंड), शारजाह (यूएई) और कोलंबो (श्रीलंका) भी हैं।