जिलाधिकारी ने गंजारी क्रिकेट स्टेडियम को देखा
डीएम गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। स्टेडियम का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा मौजूद रहे।
बाबतपुर एयरपोर्ट वाराणसी।
- फोटो : अमर उजाला
सिगरा स्टेडियम के पास दो मल्टीस्टोरी भवन 2027 तक बनेंगे
सिगरा स्टेडियम के अगल-बगल दो मल्टीस्टोरी का निर्माण 2027 में पूरा होगा। इसमें एक नगर निगम का सदन भवन है और दूसरा सिगरा का व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स है। जिसकी निगरानी लगातार मेयर अशोक कुमार तिवारी कर रहे हैं। सिगरा में बनने वाले व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में एक ही छत के नीचे होटल और बाजार होगा।
सिगरा स्टेडियम के पास 40.52 करोड़ रुपये की लागत से जी प्लस-6 भवन बनेगा। अंडरग्राउंड पार्किंग, मार्केट कॉम्प्लेक्स और होटल का निर्माण चल रहा है। 2600 वर्ग मीटर में फैली इस इमारत में अंडरग्राउंड पार्किंग होगी। जिसमें 56 कारें और 22 दोपहिया वाहन खड़े हो सकेंगे।
इससे निगम को 65 लाख रुपये मासिक आय होने का अनुमान है। निगम इन कॉम्प्लेक्स की दुकानों को बाजार दर पर 30 साल की लीज पर देगा। अनुबंध में समय-समय पर किराया वृद्धि का प्रावधान भी होगा। इसी प्रकार 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नगर निगम सदन भवन गंगा और शिवलिंग की थीम पर है।
जी-प्लस फोर (चार मंजिला) स्तर पर निर्मित किया जा रहा है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्र 21,858.01 वर्ग मीटर है। आवश्यकता पड़ने पर इसे भविष्य में सात मंजिला (जी-प्लस सेवन) तक विस्तार देने का भी विकल्प रखा गया है। यह अपनी स्थापत्य कला से काशी की संस्कृति की झलक भी पेश करेगा।
भवन के भूतल को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि आम जनता को एक ही परिसर में सभी बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। यहां तीन अलग-अलग प्रभागों में पुलिस चौकी, बैंक, पोस्ट ऑफिस, कैंटीन और जन्म-मृत्यु पंजीकरण कक्ष प्रस्तावित हैं। चतुर्थ तल पर महापौर, नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्तों के कार्यालय के साथ-साथ एक बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल बनाया जाएगा। तृतीय तल पर मीटिंग रूम और टैक्स विभाग संचालित होंगे।