यूपी के आजमगढ़ में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को निशाना बनाने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अभी कप्तानगंज के राजा पट्टी का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि मेंहनगर थाना क्षेत्र के बछवल घटकना गांव में स्थित डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को रविवार की रात अराजकतत्वों ने तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
ग्रामीणों के आक्रोश के बाद सोमवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने मरम्मत कराके लोगों को शांत किया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रदेश में महापुरुषों की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने के मामले को देखते हुए शासन से पुलिस को निर्देश दिए गए थे।
गांवों में ग्राम सुरक्षा समिति से प्रतिमाओं की सुरक्षा कराई जाए। कड़े निर्देश के बाद भी जनपद में महापुरुषों की प्रतिमाओं को निशाना बनाने के मामले रुक नहीं रहे हैं। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर बछवल के लोग आक्रोशित होकर मौके पर इकट्ठा हो गए।
दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आश्वासन देकर मामला शांत कराई। पुलिस ने मिस्त्री बुलाकर टूटी प्रतिमा की मरम्मत करा दी। ग्राम प्रधान मनोज यादव ने तहरीर देकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मामले की जांच कर रही है। सीओ लालगंज संतोष सिंह ने बताया कि प्रतिमा की मरम्मत करवा दी गई है। प्रधान की तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर ली गई है। आरोपी की पहचान की जा रही है।