Varanasi News: माघ मेले में बाबा विश्वनाथ कुंभेश्वर महादेव के रूप में भक्तों को दर्शन देंगे। प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले के समापन के साथ ही वह काशी लौट आएंगे।
बाबा विश्वनाथ कुंभेश्वर महादेव के रूप में पहली बार माघ मेले में विराजेंगे। माघ मेले में आने वाले भक्तों को भी महादेव का आशीर्वाद प्राप्त होगा। माघ मेले के समापन के साथ ही वह काशी लौट आएंगे। इस परंपरा की शुरुआत साल के पहले दिन से कर दी गई है। अब यह आने वाले वर्षों में भी जारी रहेगी।
विज्ञापन
मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को माघ मेला प्रयागराज में विराजने के लिए श्रीकाशी विश्वनाथ का कुंभेश्वर महादेव स्वरूप में रुद्राभिषेक किया गया। माघ मेला तीन जनवरी से शुरू हो रहा है। माघ मेले में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से लगने वाले शिविर में महादेव कुंभेश्वर स्वरूप में विराजेंगे।
प्रयाग में लगने वाले न्यास शिविर में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े साहित्य भी लोगों के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा जो भक्त रुद्राभिषेक करना चाहेंगे, वह कर सकेंगे। इसकी व्यवस्था भी की जा रही है। पुजारियों का एक दल माघ मेले तक वहां रहेगा। सीईओ ने कहा कि माघ मेले से काशी आने वाले भक्त सामान्य दिनों की तरह दर्शन कर सकेंगे।