आजमगढ़ के एक गांव में मनबढ़ों ने एक पिता को धमकी दी थी कि अगर तुम्हारी बेटी की शादी मेरे दोस्त से नहीं हुई तो बारात आने पर लाशों के ढ़ेर लग जाएंगे। इस धमकी से घबराया पिता पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने शादी की सही तारीख छिपाते हुए मंगलवार की रात अपनी मौजूदगी में शादी संपन्न कराई।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की की शादी कहीं और न करने की मनबढ़ों द्वारा दी गई धमकी को देखते हुए पुलिस ने ऐसा किया। उधर लड़की के घर पर शादी के मौके पर भारी भरकम फोर्स देखने के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। बता दें कि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की दो बहनों में बड़ी है।
वह बीए की छात्रा है। मंगलवार को उसकी बारात आनी थी। उधर लड़की की शादी तय होने और बारात आने की सूचना पर उसके गांव का रहने वाला एक मनबढ़ अपने कुछ मित्रों के साथ तीन दिन पूर्व लड़की के घर पहुंचा और किसी दूसरे से युवती की शादी होने पर लाशें बिछाने की धमकी दी।
मनबढ़ों की धमकी से भयभीत युवती के घर वाले एसपी सिटी से गुहार लगाए। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से शादी का दिन और तारीख छिपाते हुए गुप्त रखा। मंगलवार की रात लड़की के घर बारात आने से पूर्व कोतवाल जीयनपुर मुनीष चौहान भारी भरकम फोर्स के साथ मौजूद रहे।
पुलिस की मौजूदगी में उसकी शादी संपन्न हुई। उधर पुलिस के भय के चलते मनबढ़ घर छोड़कर फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। घटना के संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।