आजमगढ़ में मुफ्त में मीट नहीं खिलाने पर दबंगों ने एक होटल को आग के हवाले कर दिया। मामला अतरौलिया थाना क्षेत्र के कंतालपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास का है। यहां मड़ई में संचालित एक होटल पर रविवार की शाम कुछ लोग पहुंचे। होटल मालिक के अनुसार दबंगों ने उनसे मुफ्त में मीट खिलाने को कहा। होटक मालिक के मना करने पर देख लेने और होटल को जलाने की धमकी देते हुए सभी चले गए। इसके बाद देर रात आग से होटल की मड़ई जल गई। मालिक ने नामजद दबंगों पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
कंतालपुर गांव निवासी शंभूनाथ का ईंट-भट्टे के पास मड़ई में शिकार होटल के नाम से होटल चलता है। मांसाहारी भोजन के लिए यहां काफी संख्या में लोग आते हैं। रविवार की रात वह होटल बंद कर घर चला गया इसी दौरान किसी ने उसमें आग लगा दी। शंभूनाथ का आरोप है कि दो व्यक्ति अक्सर आकर मुफ्त में मीट खाते थे।
पैसा मांगने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते थे। रविवार की शाम भी वह होटल पर आए और मुफ्त में मीट मांगा। उसके मना करने पर दोनों व्यक्ति उसे देख लेने और होटल को जला देने की धमकी देते हुए चले गए। आरोप है कि उन्हीं लोगों ने रात में होटल में आग लगा दी। बताया कि घटना से उसका लगभग 60 हजार रुपयों का नुकसान हुआ है। शंभूनाथ ने थाने में नामजद तहरीर दी है। एसओ दिनेश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।