चक्रपानपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपर फैसिलिटी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कोरोना संक्रमित दो व्यक्तियों की बुधवार की सुबह मौत हो गई। तरवां ब्लाक के बरवां निवासी 50 वर्षीय बर्तन व्यापारी को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद सांस लेने में दिक्कत होने पर दो अगस्त को सुबह मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था। बर्तन व्यापारी की मेहनाजपुर बाजार में बड़ी दुकान है। जांच में पिता-पुत्र दोनों संक्रमित पाए गए थे। बुधवार की भोर में उनकी मौत हो गई। इससे बाजार में हड़कंप की स्थिति है।
दूसरी तरफ शहर के शारदा चौराहा स्थित 73 वर्षीय कोरोना संक्रमित को सांस लेने में दिक्कत होने पर गंभीर अवस्था में एक अगस्त को मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया था। बुधवार को सुबह उनकी भी मौत हो गई। राजकीय मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक पांडेय ने बताया कि इसकी सूचना जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दे दी गई है। शासन की गाइडलाइन तथा प्रोटोकॉल के तहत दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उधर, फूलपुर कस्बा निवासी एक कपड़ा व्यापारी को रात में तबियत खराब होने पर बुधवार सुबह इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। परिजन इलाज की गुहार लगाते रहे लेकिन चिकित्सकों ने पहले कोविड-19 की जांच की सलाह दी। 11 बजे सैंपल लेकर ट्रू नेट मशीन से उसकी जांच कराई गई। रिपोर्ट प़ॉजिटिव आने के बाद अभी इलाज शुरू करने ही जा रहे थे कि व्यापारी की मौत हो गई। शव का राजघाट पर कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार अंतिम संस्कार करा दिया गया है।