अमृत महोत्सव साइकिल यात्रा का उद्देश्य भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को याद करना और यात्रा मार्ग में पड़ने वाले विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय के युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं से रूबरू कराना है। यात्रा मार्ग में जहां एक ओर सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, देशभक्ति गीतों का गायन किया जाएगा वहीं स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के वीर गाथाओं की चर्चा भी आयोजित होगी। साइकिल यात्री स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े हुए स्थलों का भी भ्रमण करेंगे और उससे प्रेरणा लेंगे।
अमृत महोत्सव साइकिल यात्रा मार्ग में भारतीय स्वतंत्रता के 75 वर्षों बाद राष्ट्र के समक्ष प्रमुख चुनौतियां और उसके समाधान पर युवा संवाद का आयोजन भी होगा। डॉ बाला लखेंद्र ने कहा कि 17 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस पर आरंभ इस अमृत महोत्सव साइकिल यात्रा के दौरान युवाओं के बीच स्वच्छ भारत निर्माण और गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका विषय पर व्यापक चर्चा होगी। भारत को गरीबी मुक्त बनाने की दिशा में युवा सोच के बारे में प्रतिभागियों को जानने का मौका मिलेगा।