आयुष्मान भारत योजना शामिल है 158244 लाभार्थी
केंद्र की मोदी सरकार ने 25 सितंबर 2018 को आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ किया था। वर्ष 2011 में हुई आर्थिक सामाजिक जनगणना के आधार पर जिले के एक लाख 58 हजार दौ सौ चौवालिस परिवारों को इसमें शामिल किया गया। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार का पांच लाख रुपये तक कैशलेश उपचार होना है। मगर स्वास्थ्य विभाग के अफसर इस योजना को पलीता लगा रहे हैं।
वह आयुष्मान भारत योजना के पात्रों का गोल्डेन कार्ड बनवाने से कन्नी काट रहे हैं। सरकारी अस्पताल के चिकित्सक खुद ही मरीजों को भर्ती करने से कतरा रहे हैं। जबकि केंद्र सरकार ने आदेश दिया है कि पात्रता सूची में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, चिकित्सक पहले उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर देंगे। जिले के सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना शुरू होने के बाद से अब तक 3850 मरीजों को भर्ती कर इलाज किया गया है।
पूछताछ केंद्र पर लाभार्थी ले सकते है जानकारी
आयुष्मान भारत योजना की जानकारी के लिए लाभार्थियों के लिए हेल्पलाइन के साथ पूछताछ केंद्र स्थापित किया गया है। जिला अस्पताल के पूछताछ केंद्र स्थापित किया गया है। वहीं हेल्पलाइन 14555, 180018004444 है। वहीं इस योजना में जनपद के पांच सरकारी और 22 निजी चिकित्सालय को चयनित किया गया है।
आयुष्मान भारत चंदौली के जिला शिकायत अधिकारी अभिनव श्रीवास्तव ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को लाभ देने के लिए सरकार की ओर से विशेष गोल्डेन कार्ड अभियान चलाया जा रहा है। पीएम व सीएम के पत्र के साथ आधार कार्ड व राशन कार्ड लेकर किसी भी सेवा केंद्र पर पहुंच कर बनवा सकते हैं।