आय5ु दीनदयाल हस्तकला संकुल बड़ालालपुर में इसी महीने 24 से 27 फरवरी तक आयुर्योग एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। इसमें बीएचयू आयुर्वेद संकाय सहित देश भर से विभिन्न चिकित्सा संस्थानों से आयुष चिकित्सक जुटेंगे। चार दिन तक चलने वाले एक्सपो में मेडिकल छात्रों को पंचकर्म, अग्निकर्म, नाड़ी परीक्षण सहित आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के तहत इलाज का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्सपो का उद्घाटन कर सकते हैं।
आयुष मंत्रालय के सहयोग से होने वाले इस एक्सपो में बीएचयू आयुर्वेद संकाय भी सहयोग कर रहा है। आयुर्वेद संकाय के संज्ञाहरण विभाग में सीपीआर और फर्स्ट एड पर साप्ताहिक कार्यशाला के उद्घाटन समारोह में संकाय प्रमुख प्रो. केएन द्विवेदी ने छात्रों को इसके लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि एक्सपो से बीएचयू आयुर्वेद संकाय से बड़ी संख्या में शिक्षक अपना पेपर प्रेजेंटेशन करेंगे। आयुर्वेद संकाय द्वारा ऐसी वानस्पतिक औषधियों की खोज का प्रयास चल रहा है, जिससे संज्ञाहरण अर्थात बेहोशी में चिकित्सकों को मदद मिलेगी। इस दौरान विभाग की ओर से प्रकाशित संज्ञाहरण शोध पत्रिका का विमोचन भी हुआ। कार्यक्रम में डॉ. हरिओम सिंह, डॉ. अवनीश राय, प्रो. डीएन पांडेय, डॉ. दीपा मिश्रा, वैद्य सुशील कुमार दुबे आदि मौजूद रहे।