वाराणसी जिले में अस्पतालों की तर्ज पर स्वास्थ्य केंद्रों पर अब ऑटो एनालाइजर से जांच होगी। ऐसे में अब मरीजों को कम समय में खून की जांच रिपोर्ट मिल सकेगी।
सरकारी अस्पतालों की तर्ज पर अब स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को कम समय में खून की जांच की रिपोर्ट मिल सकेगी। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर पूरी क्षमता के साथ जांच करने वाली एनालाइजर मशीन को लगवाई जा रही है। तीन घंटे में 100 सैंपल की जांच इस मशीन से हो सकेगी।
विज्ञापन
जिले में शहरी इलाकों में पांच और ग्रामीण इलाकों में नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। औसतन हर दिन सीएचसी पर मौसमी बीमारी, गर्भवती महिलाओं के साथ ही अन्य बीमारियों वाले 300 से अधिक मरीज आते हैं।
वर्तमान समय में सीएचसी पर लैब में जो एनालाइजर मशीन है, उस पर 30 सैंपल की जांच रिपोर्ट तीन घंटे में मिलती है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी का कहना है कि इससे तीन घंटे में 100 सैंपल की जांच होगी। अभी शहरी सीएचसी चौकाघाट, दुर्गाकुंड का चयन कर यहां मशीन मंगवाई गई है।
विज्ञापन
क्या बोले अधिकारी
मरीजों को खून की जांच की सुविधा के लिए दो शहरी सीएचसी पर पूरी क्षमता की जांच मशीन मंगवाई गई है। इससे जांच के लिए मरीजों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा। शासन स्तर पर प्रयास कर और सीएसआर से आने वाले दिनों में अन्य सीएचसी पर भी इसको लगवाया जाएगा। -हिमांशु नागपाल, सीडीओ