रामनगर के भीटी में लेखपाल अरूण शर्मा के घर पर मंगलवार की देर शाम मनबढ़ों ने गाली गलौज और मारपीट की धमकी दी। आरोप है कि आठ से दस की संख्या में आए मनबढ़ों ने जमकर उपद्रव किया। लेखपाल की तहरीर के आधार पर पुलिस दो नामजद के खिलाफ उपद्रव, मारपीट समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया।
रामनगर थाना अंतर्गत साहित्यनाका निवासी लेखपाल अरूण शर्मा के अनुसार वह शाम के समय घर पर मौजूद नहीं थे। इस बीच अशोक और रामबाबू आठ से दस साथियों के साथ घर पर आया और पुरानी रंजिश में गाली गलौज की। माता-पिता और बहनों के साथ दुर्व्यहार किया गया। आरोप है कि अशोक और रामबाबू ने उपद्रव करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी है। इंस्पेक्टर अश्वनी पांडेय के अनुसार दो नामजद के खिलाफ उपद्रव सहित मारपीट अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।