Varanasi News: काशी विश्वनाथ मंदिर से मंगला आरती देखकर चार पर्यटक वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू व कट्टा दिखाकर डराया व मारपीट की।
वाराणसी कमिश्नरेट के भेलूपुर थाना क्षेत्र के चौकी घाट इलाके में रविवार की भोर काशी विश्वनाथ मंदिर से मंगला आरती देखकर लौट रहे दक्षिण भारतीय पर्यटकों को असलहे से डराकर मारपीट व लूट का प्रयास किया गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, चार पर्यटक आरती के बाद वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू व कट्टा दिखाकर डराया व मारपीट की। विरोध करने और बीच-बचाव के दौरान आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी मधुसूदन राव के सीने में तथा नरूरी कोटिस्वरी के पेट में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया। इस मामले में कुमार स्वामी मठ के केयरटेकर सचिन यादव की तहरीर पर जान से मारने की नीयत से हमला और लूट के प्रयास में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरोपी महिला के गले में चेन देखकर उसे छीनने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।