भदोही के ज्ञान सरोवर के समीप गुरुवार दोपहर दो बजे कार सवार तीन युवकों ने दो सगी बहनों के अपहरण का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने दौड़ाकर युवकों को पकड़ लिया। पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। नाबालिग बहनों के परिवारवालों की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक समेत तीन के खिलाफ अपहरण और छेड़खानी का केस दर्ज किया है।
जिस कार में छात्राओं को बैठाने का प्रयास किया गया, वह भदोही के एक भाजपा नेता की बताई गई। घटना में जिला अस्पताल के एक डॉक्टर का चालक भी शामिल है। घटना को लेकर नगर में खलबली मची रही। ज्ञानपुर नगर के एक स्कूल में 11वीं और नौवीं की छात्रा दोनों सगी बहनें बाजार में खरीदारी के लिए आई थीं।
आरोप है कि महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल के सामने ज्ञान सरोवर के दक्षिणी छोर पर जैसे ही पहुंचीं, कार सवार तीन युवक आए और जबर्दस्ती बैठाने लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कार सवार भागने का प्रयास किया, लेकिन सामने से जेसीबी आने पर वह भाग नहीं सके।
लोगों ने तीनों की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि दोनों बहनों को परिवारवालों के हवाले कर दिया। दोनों छात्राओं की मां समेत परिवार के लोग कोतवाली पहुंच गए। मां ने आरोप लगाया कि एक युवक उसके मायके का रहने वाला है। विश्वास नहीं हो रहा है कि वह ऐसी घटना को अंजाम देगा।
तहरीर पर पुलिस ने इसरार पुत्र मकबूल निवासी भदोही, शाहिद पुत्र सगीर कोतवाली मिर्जापुर और जुबैद पुत्र दीन मोहम्मद भदोही के खिलाफ अपहरण और छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया। एक आरोपी युवक जिला अस्पताल के एक डॉक्टर का चालक बताया गया।
चालक के कोतवाली जाने की खबर लगते ही जिला अस्पताल के कई डॉक्टर भी मौके पर पहुंच गए लेकिन जब मामला समझ में आया तो अपनी कार की चाभी लेकर वापस लौट आए। वहीं, दूसरी ओर जिस कार में छात्राओं को बैठाने का प्रयास किया गया, वह भदोही के एक भाजपा नेता की बताई गई।
कार में भाजपा का झंडा भी लगा हुआ था। सीओ रामकरन ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।