जमीन के पुराने विवाद ने शुक्रवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सुजानगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर ग्रामसभा की ठाकुर बस्ती में दो चारपहिया वाहनों से पहुंचे लोगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर दिया। हमले में 72 वर्षीय हीरावती देवी की मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे और पौत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घायल रमेश सिंह की तहरीर के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने परिवार के साथ पाही पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग दो चारपहिया वाहनों से वहां पहुंचे। आरोप है कि राजेश सिंह, अखिलेश सिंह, अमित सिंह, अजय सिंह, मंगला सिंह, आयुष सिंह, प्रदीप सिंह उर्फ मोनू, सौरभ गौड़, सुमन देवी और कमलेश देवी समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर दिया।