अरविंद और उनकी पत्नी शीखा ने बताया कि एलेक्स उनके लिए महज एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य जैसा है। उसके अचानक बिछड़ने से घर में उदासी छाई हुई है। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में एलेक्स की तस्वीर और संपर्क संबंधी जानकारी वाले करीब 10 हजार पोस्टर लगवाए गए हैं। इसके माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि कहीं भी एलेक्स दिखाई देने पर परिवार को सूचना दें।
अरविंद मौर्या ने बताया कि एलेक्स पहले भी एक बार घर से उड़ गया था। वर्ष 2019 में वह खिड़की से उड़कर लापता हो गया था। उस समय परिवार के सदस्यों ने काफी खोजबीन की और खजुरी से उसे ढूंढकर वापस घर लाए थे। इस बार भी परिवार को उम्मीद है कि एलेक्स मिल जाएगा और एक बार फिर घर में उसकी आवाज गूंजेगी।
परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को एलेक्स दिखाई दे या उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सूचना दें। उसे सुरक्षित घर पहुंचाने वाले को 11 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।