आतंकी आरिज उर्फ जुनैद के घर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के बटला एनकाउंटर की घटना में शामिल आजमगढ़ निवासी आरिज उर्फ जुनैद की गिरफ्तारी के बाद अन्य फरार संदिग्धों की तलाश तेज हो गई है। गुरुवार को जयपुर एटीएस की टीम सरायमीर थाने पहुंची। एटीएस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से संजरपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों की लोकेशन ली, साथ ही फरार संदिग्धों के घर दबिश दी।
हालांकि इस दौरान पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली और टीम वापस लौट गई। एटीएस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में हड़कंप है। वर्ष 2008 में दिल्ली के ओखला में हुए बटला एनकाउंटर की घटना के बाद देश विरोधी गतिविधियों में शामिल आजमगढ़ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के दस युवकों का नाम उजागर हुआ था।
तभी से यह सभी फरार हैं और देश की तमाम एजेंसियां इनकी तलाश में हैं। एनआईए ने सभी पर दस-दस लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। फरार संदिग्धों में आजमगढ़ शहर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. जावेद अख्तर का बेटा असदुल्ला उर्फ हड्डी समेत कई गिरफ्तार कर लिए गए।
इन्हीं में से एक आरिज उर्फ जुनैद को दिल्ली की स्पेशल सेल ने कल 14 फरवरी को भारत-नेपाल बार्डर से गिरफ्तार किया था। आरिज बिलरियागंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव निवासी है।