छितौनी (कोट) निवासी बुजुर्ग बैजनाथ पाल पर उनके गांव के ही मनबढ़ लोगों ने हमला किया। बुजुर्ग ने शोर मचाया तो बीचबचाव करने आए लोगों की भी पिटाई की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुजुर्ग के बेटे पवन पाल की तहरीर के आधार पर रोहनिया थाने में छितौनी (कोट) निवासी राजाराम, सुजीत, मनोज, मनीष, सतीश और बड़कू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
रोहनिया थाना क्षेत्र के छितौनी (कोट) निवासी पवन पाल ने बताया कि बुधवार की रात उनके पिता खेत से घर आ रहे थे। रास्ते में गांव के ही मनबढ़ किस्म के राजाराम, सुजीत, मनोज, मनीष, सतीश और बड़कू उनके पिता को घेर कर गालीगलौज करने लगे। उनके पिता ने गालीगलौज का विरोध किया तो सभी ने लाठी-डंडे और रॉड से उनके पिता पर हमला कर दिया। हमले में उनके पिता के सिर, चेहरे और रीढ़ की हड्डी पर गंभीर चोट लगी है और वह आईसीयू में भर्ती हैं। इस संबंध में रोहनिया थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।