बड़ालालपुर स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ का होगा पुनर्निर्माण
- बजट मिला, जल्द पूरी होगी औपचारिकता
संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। मियाद पूरी कर चुके बड़ालालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल के एस्ट्रोटर्फ का दो करोड़ रुपये से पुनर्निर्माण कराया जाएगा। खेल निदेशालय ने बजट कार्यदायी एजेंसी उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) को भेज दिया है। परियोजना अधिकारी विनय जैन ने बताया कि निदेशालय को पैसे मिल चुके हैं। जरूरी औपचारिकता पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
मौसम ठीक रहा तो अगले छह माह में काम पूरा कर खिलाड़ियों को एस्ट्रोटर्फ समर्पित कर दिया जाएगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि हॉकी खिलाड़ियों की सुविधा के लिए वर्ष 2013 में एस्ट्रोटर्फ तैयार किया गया था। इसकी मियाद सात साल होती है, जो वर्ष 2019 में ही पूरी हो गई। इसके बाद एस्ट्रोटर्फ के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव खेल निदेशालय भेजा गया था। अब मंजूरी मिली है। इसका बजट भी जारी कर दिया गया। निर्माण के दौरान हॉकी छात्रावास के खिलाड़ियों की सुविधा के लिए अस्थायी खेल मैदान तैयार कराया जाएगा।