प्रधानमंत्री के कबीर नगर में आईपीडीएस के मॉडल वर्क का निरीक्षण करने के बाद अब इसके कार्यों मेें और तेजी आने की उम्मीद है। अब अस्सी से राजघाट के बीच बिजली के तार भूमिगत किए जाएंगे। इंटीग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम (आईपीडीएस) के तहत यहां 1100 किलोमीटर भूमिगत केबिल बिछाई जाएगी।
हेरिटेज पोल लगाए जाएंगे। बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा। पिछले साल 18 सितंबर को वाराणसी से ही आईपीडीएस की शुरुआत हुई थी। कबीर नगर में आईपीडीएस के मॉडल वर्क के निरीक्षण के दौरान पीएम ने अधिकारियों से शहर के अन्य हिस्सों में इस योजना के कार्यों के बारे में जानकारी की।
कबीर नगर में कराए गए कार्यों का डिस्प्ले बोर्ड लगाया गया था। बिजली विभाग और आईपीडीएस से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि कालोनी में करीब 58 किलोमीटर लंबी भूमिगत केबिल बिछाई गई है। हेरिटेज पोल भी लगाए जा चुके हैं।
आईपीडीएस योजना से जुड़े अधिकारी अनिल वर्मा, राधिका झा ने पीएम को बताया कि योजना के तहत होने वाले कार्यों की मानीटरिंग के लिए काशी आईपीडीएस ऐप और वेब पोर्टल भी तैयार किया गया है। योजना के पारदर्शी और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए यह पहल की गई है।