छावनी क्षेत्र के रणबांकुरे स्टेडियम में चल रही सेना भर्ती के दसवें दिन शनिवार को गोरखपुर जिले के युवकों ने दम दिखाया। सुबह छह बजे से दोपहर करीब 12 बजे तक दौड़ में 336 युवकों ने सेना भर्ती की पहली बाधा दौड़ को पास कर लिया। अब उनकी अन्य शारीरिक परीक्षाएं और मेडिकल होगा।
सेना भर्ती में शनिवार को गोरखपुर जिले के सहजनवां, चौरी चौरा, गोरखपुर शहर की भर्ती हुई। भर्ती के लिए 9823 युवकों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इसमें 6172 ही भर्ती में शामिल होने आए। भोर में करीब तीन बजे से युवकों को टोकन बांटा शुरू कर दिया गया। सुबह करीब छह बजे दौड़ शुरू हुई। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल मनीष धवन ने बताया कि दौड़ में 336 युवक सफल हुए। रविवार को सेना भर्ती के अंतिम दिन मऊ जिले की भर्ती होगी। भर्ती के लिए 10485 युवकों ने पंजीकरण कराया है।