काशी हिंदू विश्वविद्यालय में सत्र 2016-17 में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के पाठ्यक्रमों के लिए अब विद्यार्थी पांच मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। उधर, बीएससी (बायो) और बीएससी (गणित) की प्रवेश परीक्षाओं की तिथि में एक बार फिर बदलाव किया गया है। एक ही दिन कई अन्य विश्वविद्यालयों की प्रवेश परीक्षाएं होने की वजह से ये बदलाव किया गया है।
संयुक्त कुलसचिव (प्रवेश परीक्षा) डॉ. एमआर पाठक ने बताया कि 22 मई को होने वाली बीएससी (गणित) की प्रवेश परीक्षा अब एक जून को प्रथम पाली में होगी। वहीं 29 मई को होने वाली बीएससी (बायो) की प्रवेश परीक्षा दो जून को द्वितीय पाली में होगी। डॉ. पाठक के अनुसार जेईई एडवांस की परीक्षा 22 मई को होनी है। इस वजह से इन प्रवेश परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया गया है।
बता दें कि इसके पहले बीएससी (गणित) की प्रवेश परीक्षा 17 अप्रैल को होने वाली थी, लेकिन उस दिन यूपीटीयू की प्रवेश परीक्षा है। इससे छात्र-छात्राएं काफी परेशान थे। कई अभिभावकों ने इसकी जानकारी भी बीएचयू प्रशासन को दी थी। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी तिथि बदली थी।