अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की 68वीं जयंती पर उनकी बेटी केंद्रीय परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल राजग गठबंधन की सत्ता और संगठनात्मक एकजुटता दोनों की ताकत का एहसास कराने में जुट गई हैं।
दो जुलाई को रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में होने वाली अपना दल (एस) की जन स्वाभिमान रैली के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। रैली में इनके अलावा राज्य के कई मंत्री शामिल होंगे।
पार्टी के लिए यह सत्ता में भागीदारी का जश्न मनाने का आयोजन होगा। हालांकि उनके लिए चुनौती यह है कि उनका मां कृष्णा पटेल और उनकी बहन पल्लवी पटेल ने इसी दिन इलाहाबाद में जयंती के आयोजन में हार्दिक पटेल को बुलाया है।
प्रदेश सरकार के सौ दिन पूरे करने के बाद गठबंधन और सरकार में शामिल अपना दल के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ की यह पहली रैली होगी। दोनों दल अपने-अपने कार्यकर्ताओं को बताना चाहेंगे कि वे एकजुट रहें।
लोकसभा का चुनाव भी दोनों दल साथ मिलकर लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री का दावा है कि रैली में दो लाख से अधिक कार्यकर्ता आएंगे।
रैली में सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, पंचायती राज्यमंत्री भूपेंद्र चौधरी, विधि, न्याय, सूचना, युवा खेल राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल राजभर के अलावा अपना दल कोटे से कारागार मंत्री जय कुमार पटेल समेत कई मंत्री आएंगे।
अनुप्रिया पटेल का कहना है कि रैली में संगठन के प्रभुत्व वाले वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और इलाहाबाद समेत 10 जिलों से तो गांव-गांव से कार्यकर्ता आएंगे ही, पश्चिमी यूपी से भी हिस्सेदारी होगी।
गाजियाबाद, नोएडा, फिरोजाबाद और बरेली के कार्यकर्ता भी रैली में शिरकत करेंगे। उनको भरोसा है कि मैदान खाली नहीं रहेगा, क्योंकि सोनेलाल के अनुयायी जमीनी स्तर पर उनके लिए समर्पित रहते हैं। पार्टी कार्यकर्ता अपने संसाधनों से कार्यक्रमों में पहुंचते हैं।