इलाहाबाद के कोराव थाना क्षेत्र के गजनी मोड़ पर रविवार दोपहर पौने एक बजे केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के आगे चल रही एक निजी गाड़ी के चालक की लापरवाही से केंद्रीय राज्यमंत्री, उनके स्कॉट तथा छानबे विधायक राहुल प्रकाश कोल की गाड़ी समेत पांच गाड़ियां आपस में भिड़ गई।
इसमें केंद्रीय राज्यमंत्री, छानबे विधायक समेत पांच लोग लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री का इलाज कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन करके अनुप्रिया पटेल का हालचाल पूछा।
दुर्घटना के बाद अनुप्रिया पटेल संयुक्त सचिव पीएन सिंह के घर पहुंची और उनके निधन पर शोक जताया। केंद्रीय मंत्री वाराणसी से फ्लाइट से दिल्ली गई हैं, जहां एम्स में उन्हें जांच करवानी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल का कहना है कि कोराव के पास रविवार को अचानक काफिले की गाड़ियां मेरी गाड़ी से टकरा गई। इसमें मेरे साथ पांच लोग घायल हो गए। गंभीर चोट नहीं आई है। यह सब जनता की दुआओं का फल है।
सिर और सीने में दर्द में चोट
दुर्घटना में क्षतिग्रस्त काफिले का वाहन
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री रविवार को काफिले के साथ संयुक्त सचिव पीएन सिंह के निधन पर शोक प्रकट करने उनके गांव इलाहाबाद जनपद के कोरावं थाना क्षेत्र स्थित गजनी जा रही थी। उनके साथ कोराव थाना क्षेत्र का स्कॉट था।
एक निजी गाड़ी भी थी, जो संयुक्त सचिव पीएन सिंह के घर का रास्ता दिखाने के लिए लगाई गई थी। दोपहर पौने एक बजे गजनी गांव के पास निजी वाहन के चालक ने गांव में जाने के लिए अचानक गाड़ी मोड़ ली।
इसके चलते विधायक, केंद्रीय राज्यमंत्री, पीछे चल रही स्कॉट की गाड़ियां आपस में एक के बाद एक भिड़ती चलती गईं। इससे अफरातफरी मच गई। केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल और छानबे विधायक राहुल प्रकाश कोल के सिर में चोट आई।
जबकि स्कॉट में चल रहे तीन सीआरपीएफ के जवानों एवं चालकों के सिर व पैर में चोट लगी। केंद्रीय मंत्री के राजनीतिक सलाहकार रामकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मंत्री दिल्ली जा रही हैं। इलाहाबाद के चिकित्सकों ने एम्स में चेकअप कराने का सुझाव दिया है। उनको सिर और सीने में दर्द महसूस हो रहा है।