माफी मांगें पल्लवी तो साथ ले लेंगे
आशीष सिंह पटेल ने कहा कि फिलहाल पार्टी में पल्लवी पटेल को शामिल न करने का निर्णय लिया गया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि पल्लवी ने पहले ऐसी 2 घटनाएं की हैं, जिस वजह से राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल उन्हें साथ लाने में हिचक रही हैं। एक यह कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर गबन का फर्जी मुकदमा दर्ज कराया था। दूसरी बात यह है कि पल्लवी ने एक वसीयत करा ली थी और उसमें अपनी सबसे छोटी बहन को भी हिस्सा नहीं दिया था। पल्लवी पटेल राष्ट्रीय अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांग लें और आगे से ऐसी कोई धोखाधड़ी न करने के लिए आश्वस्त करें। तब साथ आने पर विचार किया जाएगा।
हम PM मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे
एमएलसी आशीष सिंह पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए के अंग के तौर पर लड़ेंगे। हमारा लक्ष्य दो-तिहाई बहुमत से ज्यादा सीट पाना है और भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाना है। हम उन्हीं सीटों पर अपने कैंडीडेट उतारेंगे जहां हमें अपनी पार्टी की स्थिति अच्छी है। अपना दल (एस) के कितने प्रत्याशी 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, इस संबंध में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत कर निर्णय लेंगी।