उत्तर प्रदेश में हार्दिक पटेल के प्रभाव बढ़ाने की कोशिशों की देखादेखी अपना दल (एस) ने यूपी के साथ-साथ गुजरात के पटेल समुदाय पर नजर टिका दी है। काशी से लेकर गुजरात के आणंद तक पटेलों को साधने के लिए वाराणसी कैंट स्टेशन से विशेष ट्रेन चलाई गई है।
डॉ. सोनेलाल पटेल फाउंडेशन की ओर से ट्रेन ले जाने का उद्देश्य जनाधार के साथ अगले लोकसभा चुनाव में सीटों की हिस्सेदारी बढ़ाना है। दूरगामी रणनीति के तहत अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं के अलावा सरदार वल्लभ भाई पटेल में आस्था रखने वाले अन्य समाज के प्रतिष्ठित लोगों को भी इस ट्रेन के यात्रियों में शामिल किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात को उम्मीद है कि लौह पुरुष के नाम से मशहूर सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशालकाय प्रतिमा से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। गुजरात में सरदार पटेल की प्रतिमा को दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बताया जा रहा है। इसे 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' का नाम दिया गया है।
182 मीटर ऊंची यह विशाल प्रतिमा देश के पहले गृह मंत्री को श्रद्धांजलि होगा। जिन्होंने 1947 के विभाजन के बाद राजाओं-नवाबों के कब्जे वाली रियासतों को भारत संघ में मिलाने में अहम योगदान दिया था।
यह प्रतिमा मौजूदा समय में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा चीन के स्प्रिंग टेम्पल ऑफ बुद्ध से भी 29 मीटर ऊंची है। चीन की प्रतिमा की ऊंचाई 153 मीटर है। सरदार पटेल की प्रतिमा न्यूयॉर्क स्थित 93 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से लगभग दोगुना बड़ी है। इस कार्यक्रम में देश भर से लोग जुटेंगे।