इस पावन अवसर पर श्री विश्वेश्वर को विभिन्न प्रकार के भोग भगवान को अर्पित किया गया। भोग आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण अन्नकूट पर्व की विशेष परंपरा का अभिन्न अंग है। श्रद्धालुओं ने अत्यंत भावपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और भगवान विश्वनाथ से समृद्धि, स्वास्थ्य एवं शांति की कामना की।
अन्नकूट पर्व केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि यह सनातन धर्म के सामाजिक और आध्यात्मिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक भी है। यह पर्व सनातन समाज में एकता, बंधुत्व, सहयोग और दान की भावना को सुदृढ़ करता है। इस दिन भक्तगण एकत्र होकर न केवल भगवान विश्वनाथ जी की पूजा-अर्चना करते हैं, बल्कि एक-दूसरे के साथ मिलकर पर्वोल्लास और आनंद का आदान-प्रदान भी करते हैं।
यह पर्व यह संदेश देता है कि सच्ची भक्ति, निःस्वार्थ सेवा और प्रेम के माध्यम से समस्त सनातनधर्मी एक वृहद सनातन परिवार के सदस्य हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम में संपन्न यह अन्नकूट महोत्सव न केवल आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि यह सनातन समाज के समरसता, सहयोग और आध्यात्मिक उत्थान का भी दिव्य संदेश लेकर आया।