उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मंडल विस्तार में पूर्वांचल के राजभर समाज को साधने वाले राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल राजभर का प्रमोशन होकर उन्हें कैबिनेट में जगह दी गई है। हालांकि लोकसभा चुनाव के बाद सहयोगी दल रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को कैबिनेट से बर्खास्त करने के बाद मुख्यमंत्री ने उनके सभी विभागों का जिम्मा अनिल राजभर को सौंपा था। तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि अनिल राजभर का कद बढ़ाकर भाजपा पूर्वांचल में उनके चेहरे से पिछड़ा वर्ग में अपनी पैठ मजबूत करेगी।
विधानसभा चुनाव से पहले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से गठबंधन कर भाजपा ने राजभर समाज को एकजुट करने का प्रयास किया था। चुनाव में जीत मिलने के बाद सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। हालांकि शिवपुर विधानसभा से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे अनिल राजभर को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार का जिम्मा सौंपा गया था।
ये भी पढ़ें : सीएम योगी के मंत्रिमंडल में काशी के तीन विधायक शामिल, अनिल राजभर-रविंद्र जायसवाल को मिला ये पद
अनिल राजभर ने इस दौरान ना केवल पूर्वांचल में अपनी पैठ जमाई बल्कि राजभर समाज को भाजपा के पाले में खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई। लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गाजीपुर में रैली और महाराजा सुहेलदेव के डाक टिकट जारी कराकर अपनी पैठ मजबूत की। उधर, अनिल राजभर को मिल रही ज्यादा तवज्जो पर गठबंधन के बावजूद सुभासपा अध्यक्ष भाजपा के खिलाफ लगातार बयानबाजी करते रहे और लोकसभा चुनाव में घोसी टिकट पर अड़ गए।