वीडीए टीम को लोगों के विरोध चलते वापस लौटना पड़ा
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के गिलट बाजार स्थित हनुमान मंदिर को अतिक्रमण बताकर रविवार को तोड़ने पहुंची वीडीए टीम को लोगों के विरोध चलते वापस लौटना पड़ा। बजरंग दल, हिंदू युवा वाहिनी और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के साथ नारेबाजी की। टीम सिर्फ मंदिर से सटे टीनशेड को ध्वस्त कर लौट गई।
गिलट बाजार चौकी के सामने दोपहर के समय वीडीए टीम पुलिस के साथ हाईकोर्ट के आदेश दिखाते हुए मंदिर ध्वस्त करने पहुंची। इस पर क्षेत्रीय लोग लामबंद हो गए। सूचना पाकर बजरंग दल, हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता भी पहुंच गए।
क्षेत्रीय लोगों का कहना था था मंदिर 2005 में बना है और शासन का आदेश 2013 के बाद बने मंदिरों को ध्वस्त करने का आया है। इसलिए इस मंदिर को हटाना उचित नहीं है। विरोध प्रदर्शन में शिवपुर पार्षद रोहित मौर्या, हिंदू युवा वाहिनी से प्रदीप गुप्ता, भरत भूषण, सूरज मौर्य, शिव शंकर यादव, बजरंग दल से अजय चौबे, विजय कुमार, सुरेंद्र सिंह, रतन मौर्या, विक्की सोनकर मौजूद रहे।