प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मई के अंतिम सप्ताह में भाजपा के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन होगा। इसके मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह होंगे। कर्नाटक चुनाव के बाद सम्मेलन की तारीख तय की जाएगी। हालांकि पार्टी ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
विधानसभावार बूथ गठन समिति की बैठकें 10 मई से शुरू हो जाएंगी। अमित शाह के आगमन का कार्यक्रम भी कर्नाटक चुनाव के बाद जारी कर दिया जाएगा। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को बेहद अहम माना जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सभी बूथ अध्यक्षों को चुनावी अभियान की योजना-रचना से अवगत कराएंगे। बूथ स्तर पर क्रमबद्ध और सुव्यवस्थित चुनाव अभियान की रणनीति तय करेंगे।
सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 10 मई से शुरू होने वाली विधानसभावार बूथ गठन समितियों की बैठकें 20 मई तक चलेंगी। उत्तरी और दक्षिणी विधानसभाओं के बूथ गठन समिति की बैठक 10 को और कैंट विधानसभा की बैठक 11 मई को गुलाब बाग स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में होगी।
प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, इन बैठकों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि कर्नाटक चुनाव के बाद सम्मेलन की तिथि घोषित की जाएगी।