प्रशासन मंदिर आए दर्शनार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करे
कालभैरव वार्ड निवासी मनोज यादव ने कहा कि प्रशासन मंदिर आए दर्शनार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करे, ताकि स्थानीय लोगों की दिनचर्या पर इसका कोई असर न पड़े। इसके अलावा पंकज अग्रवाल, महामंत्री विशेश्वरगंज, जितेंद्र कुमार जायसवाल, संगठन मंत्री, विशेश्वरगंज, शिवम मिश्रा, निवासी चौक मणिकर्णिका, दीपक कुमार गुप्ता अधिवक्ता, महिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनीता सोनी, राजू सोनी, युवा व्यापार मंडल समेत अन्य ने भी समस्याएं और सुझाव रखे।
गलियों में ई रिक्शा संचालन पर प्रतिबंध, जलापूर्ति समस्या, जाम और अतिक्रमण के विषय पर प्रशासन से बात कर इसका स्थायी समाधान निकलवाऊंगा। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर में भीड़ नियंत्रण और दर्शनार्थियों के सुगम दर्शन की व्यवस्था भी कराई जाएगी। ताकि दर्शनार्थियों के साथ स्थानीय लोगों को समस्या न हो। इसके अलावा जल्द ही काल भैरव मंदिर के पास शौचालय समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। - डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक शहर दक्षिणी
हाउस व वाटर टैक्स का सरचार्ज माफ करना चाहिए
पूर्व पार्षद दारा नगर वार्ड मनोज यादव ने कहा कि हाउस व वाटर टैक्स का सरचार्ज माफ करना चाहिए। पक्का महाल निवासी वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि गलियों में मनमाने ढंग से भवनों के निर्माण कराए जा रहे हैं। इससे गलियां और संकरी होती जा रही हैं।चौक निवासी चंद्रशेखर मिश्रा ने कहा कि बनारस की गलियों में फैले बिजली के तारों के जंजाल को समाप्त करना चाहिए।
शिव बरात समिति संस्थापक दिलीप सिंह ने कहा कि विश्वनाथ मंदिर तक वीआईपी गाड़ियों के जाने पर रोक लगाई जाए। वीआईपी कल्चर के कारण मंदिर मार्ग पर रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। सराफा व्यापारी नरसिंह दास ने कहा कि व्यापारिक मंडियों में टोटो संचालन पर प्रतिबंध लगाया जाए। पार्षद संजय विशंभरी वार्ड कालभैरव ने कहा कि काल भैरव मंदिर के आसपास अनाधिकृत दुकानदारों की गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।
संवाद में नहीं शामिल हुए पुलिस अधिकारी।
- फोटो : संवाद
ये कुर्सी पुलिस के हिस्से की है : पराड़कर भवन में आयोजित संवाद में शनिवार को व्यापारियों और क्षेत्रवासियों की समस्या सुनने के लिए पुलिस के अधिकारियों को भी बुलाया था लेकिन वो बात सुनने नहीं आए।