इंड टू इंड बैरिकेडिंग व्यवस्था लागू
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि इंड टू इंड बैरिकेडिंग व्यवस्था लागू कर दी गई है। सभी भक्त झांकी दर्शन कर जिस रास्ते से आए, उसी रास्ते से वापस हो रहे हैं। कुंभ और सावन सोमवार की सभी व्यवस्थाएं फिर से सक्रिय कर दी गई हैं। कुल 500 से अधिक कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी पूरे मंदिर परिसर में तैनात हैं। भक्तों को सुचारु रूप से दर्शन कराया जा रहा है। बाबा विश्वनाथ मंदिर में आम भक्तों को सामान्य कतार से, वहीं कुछ चुनिंदा प्रोटोकॉल भक्तों को 4बी गेट से प्रवेश कराया गया।
गंगा आरती में देव दीपावली सा नजारा
दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती में शनिवार को देव दीपावली की तरह ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। नाव से घाट की सीढि़यां तक श्रद्धालुओं से खचाखच भरी रहीं। दोपहर बाद से ही घाट पर गंगा आरती में शामिल होने के लिए लोग पहुंचने लगे थे। चार बजते-बजते घाट की सीढि़यां श्रद्धालुओं से भर गईं। आरती खत्म होने के बाद दशाश्वमेध घाट से गोदौलिया तक सिर्फ श्रद्धालुओं की भीड़ ही नजर आई।