बीएचयू बाल रोग विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुनील राव ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। बच्चों का समय पर टीकाकरण कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। टीकाकरण के बाद भी बच्चों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के प्रति भी जागरूक करते रहने की जरूरत है।
मंडलीय अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीपी गुप्ता ने कहा कि बच्चों के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बड़ों के मुकाबले थोड़ी कम होती है। इस वजह से सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार सभी बच्चों को समय पर टीकाकरण के लिए संबंधित अस्पताल जाकर समय पर टीका लगवाना चाहिए। इससे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बनी रहेगी।
चिकित्साधिकारी डॉ. अतुल सिंह ने कहा कि टीके को लेकर लोगों को किसी तरह की भ्रांतियों में नहीं पड़ना चाहिए। यह भी जानना बहुत जरूरी है कि टीके का सेहत पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। अभिभावकों को भी इसके लिए आगे आकर बच्चों का टीकाकरण कराने की जरूरत है।