बीएचयू स्थित महिला महाविद्यालय में छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और मारपीट की घटना का आरोप लगाकर छात्रों ने कुलसचिव और छात्र अधिष्ठाता को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि शुक्रवार को रिसर्च स्कॉलर के साथ छेड़खानी हुई थी और उसके बाद मारपीट भी हुई। छात्रों ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड को भंग कर आरोपी अधिकारी को निलंबित करने की मांग की।
विज्ञापन
शनिवार को एनएसयूआई और एबीवीपी की ओर से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई। एनएसयूआई के अध्यक्ष मुरारी सहित कई छात्रों ने कहा कि मारपीट की घटना की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई हो। एबीवीपी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। जांच के दौरान छात्रा की पहचान गोपनीय रखी जाए।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने बताया कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड के इंटेलीजेंस ने सूचित किया है कि छात्रों ने ज्ञापन दिया है। लेकिन उनके पास कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि ऐसा कुछ होता है तो जांच के बाद कार्रवाई के लिए संस्तुति की जाएगी।