बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में अब इमरजेंसी, ओपीडी, वार्डों में मारपीट, तोड़फोड़ की घटना होने पर इसकी जानकारी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों सहित अन्य अधिकारियों को तुरंत मिल जाएगी। इसके लिए अस्पताल परिसर में जगह-जगह अलार्म लगवाने की तैयारी चल रही है।
स्थान का चयन शुरू हो गया है और बस कुछ औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद अलार्म लग जाएगा। अस्पताल के फिमेल सर्जरी वार्ड में 24 सितंबर को तैनात रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए रेजिडेंट डॉक्टरों ने बदलाव की मांग की थी।
25 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर रहने के दौरान अस्पताल में बाउंसरों की तैनाती, एकल प्रवेश-निकासी, किसी प्रकार की घटना पर अलार्म सिस्टम लगाने सहित अन्य मांगें रखी थी। मांगे माने जाने पर हड़ताल खत्म कराने के बाद अब अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
वार्डों में पास सिस्टम लागू करने, ओपीडी में हर चैनल गेट पर विश्वविद्यालय सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ पुलिस जवान की तैनाती के बाद अब अलार्म लगवाने की व्यवस्था भी चल रही है। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजयनाथ मिश्रा ने बताया कि इसके लिए ओपीडी हाल, इमरजेंसी, हर वार्ड में अलार्म लगवाया जाएगा। यहां किसी तरह की घटना पर इसकी जानकारी सुरक्षा कंट्रोल रूम, एमएस आफिस सहित अन्य जगहों पर मिल जाएगी।