सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार की दोपहर अजगरा क्षेत्र के मुनारी और रोहनिया के टडिया में आयोजित चुनावी रैली में कहा कि पीएम कहते हैं कि बनारस को 24 घंटे बिजली नहीं मिलती।
आज उन्हें पता चल गया होगा कि यहां 24 घंटे बिजली मिलती है या नहीं। गांव में 18 घंटे और शहर को 24 घंटे बिजली दी जा रही है सरकार बनने के बाद गांव और शहर दोनों को 24 घंटे बिजली मिलेगी। मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मन की बात बहुत कर चुके पीएम, अब तो काम की बात करें।
नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि जनता को कतारों में खड़ा करना वाले ये क्यों नहीं बताते कि इस फैसले के बाद कितना कालाधन पकड़ गया। बैंकों के सामने कतारों में खड़े-खड़े कितने ही लोगों की जान चली गई। उनके परिवार को मुआवजा प्रदेश सरकार ने दिया।
केंद्र ने सिर्फ जनता से झूठे वायदे किए। इस दौरान सीएम ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। चुटकी लेते हुए कहा कि बहनजी बुआ तो हमारी लगती हैं पर राखी बंधवाती हैं भाजपा वालों से।
सीएम ने कहा किया कि 11 मार्च को सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनेगी। कहा कि प्रदेश का विकास ‘घरवाले’ ही कर सकते हैं, बाहरवाले नहीं। हम घरवाले हैं। इस मौके पर उन्होंने अजगरा प्रत्याशी लालजी सोनकर और शिवपुर प्रत्याशी आनंद मोहन यादव गुड्डू को जिताने की अपील की।