एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चोलापुर क्षेत्र में 12 दिवसीय बिरहा दंगल के समापन समारोह में कहा कि चुनाव आते ही सरकार मुफ्त राशन का वितरण शुरू देती है। फिर चुनाव में नमक का फर्ज अदा करने की कसमें दिलाई जाएगी। चुनाव के बाद राशन बंद हो जाता है। अखिलेश यादव ने कहा कि भारत का असली दुश्मन चीन है, जो हमारे भू भाग के साथ बाजारों पर कब्जा किया है। उन्होंने जाति जनगणना पर कहा कि लड़ाई लंबी है हम तभी कामयाब होंगे। जाति जनगणना से हमारी आबादी के हिसाब से हिस्सेदारी होगी।
उन्होंने कहा कि इस सरकार के काम करने का तरीका गलत है। इस सरकार में किसान, गरीब और बेरोजगार दुखी हैं। अग्निवीर योजना से देश सुरक्षित नहीं रह सकता है, युवाओं को स्थाई नौकरी चाहिए। उन्होंने वादा किया कि सपा की सरकार बनने पर अग्निवीरों को स्थायी नौकरी के साथ शहीद का दर्जा दिया जाएगा। छुट्टा पशुओं की समस्या पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम धर्म को मानते हैं और नंदी हमारे के लिए भी पूज्यनीय हैं। मगर, छुट्टा पशुओं के लिए 10 हजार करोड़ की व्यवस्था की जाए, ताकि इनका भरण पोषण किया जा सके। इस दौरान विजय बहादुर यादव, आरडी यादव, पूर्व सांसद कैलाश नाथ यादव, रामकिशुन यादव, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, एमएलसी लालबिहारी यादव सहित अन्य लेाग मौजूद रहे।
समाजवादियों को लेने हैं बड़े फैसले
अखिलेश यादव ने तीन राज्यों में मिली हार पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को तैयार रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाजवादियों का उत्तर प्रदेश में संघर्ष बड़ा है और समाजवादियों को बड़े फैसले लेने हैं। जहां से बात शुरू हुई थी कि जो दल जहां मजबूत है, उसको सहयोग दूसरे दल करें इसे अमल में लाना है। राजनीति में इस तरह के परिणाम आते रहते हैं। हम परिणाम को स्वीकार करते हैं। कांग्रेस से गठबंधन के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि एमपी में गठबंधन को लेकर बात नहीं बन पाई थी। उनकी परिस्थितियां अलग थी।
इस चुनाव में होगा नारा, हर घर बेरोजगार, मांगे रोजगार
अखिलेश यादव ने ईवीएम के सवाल पर कहा कि हमारे लैपटॉप अभी चल रहे हैं। हमको जापान और अमेरिका से सीखना चाहिए। वहां एक महीने काउंटिंग होती है। आने वाला लोकसभा चुनाव हर घर बेरोजगार, मांगे रोजगार इसी नारे के साथ चुनाव होगा।
नेताजी के स्मारक के साथ होगा अनावरण
बारह दिवसीय बिरहा दंगल के समापन पर अखिलेश यादव ने बिरहा गायकों एवं कवियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नेताजी ने लोक संस्कृति, बिरहा और दंगल में पहलवानों को सम्मान दिया। बिरहा और कुश्ती का नामकरण हमारे पूर्वजों ने किया। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के स्मारक के उद्घाटन पर सभी समाजवादी आंदोलन से जुड़े लोगों के स्मारक का अनावरण किया जाएगा।
सौरभ की हत्या में सहयोगी बनी पुलिस
चिरईंगांव। अकथा तिराहे पास हुई सौरभ यादव के भाई की हत्या के मामले में अखिलेश यादव ने कहा कि उसके भाई को थाने पर रोक कर उसकी हत्या में पुलिस अपराधियों की सहयोगी बन गई। जब मार-पीट की जानकारी भाई गौरव को मिली तो वह भाई की मदद करने जा रहा था, अगर पुलिस उसे नहीं रोकती तो घटना टल सकती थी। उन्होंने कहा कि लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही है, लेकिन लगता है कि कुछ बिरादरी के लोगों को खुली छूट दे दी है। मृतक के परिजनों को स्वयं पांच लाख रुपए के आर्थिक मदद का एलान करते हुए सरकार से पचास लाख रुपया देने की मांग की। सकडीहा के विधायक प्रभु नारायण यादव की भतीजी की शादी में शरीक होकर वरबधु को आशीर्वाद दिया। इसके बाद रैमला गांव में पार्टी के नेता पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमेश यादव के घर पहुंच कर हालचाल लिया। उकथी के पूर्व प्रधान अक्षय कुमार बबलू ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया।
नेशनल इक्वल पार्टी के प्रांतीय कार्यालय का किया उद्घाटन
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को औरा (मुर्दहा) में नेशनल इक्वल पार्टी के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन फीता काटकर किया। महिलाओं ने अखिलेश यादव को तिलक एवं आरती उतारकर स्वागत किया। इस अवसर पर नेशनल इक्वल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशिप्रताप सिंह, रामबचन यादव आदि लोग उपस्थित रहे।