मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानपुर ट्रेन हादसे में आईएसआई का हाथ होने के पीएम नरेंद्र मोदी के दावे को झूठा बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेता लोगों को गुमराह कर वोट लेना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि रेल मंत्री कानपुर में रेल पटरियों की सुरक्षा में नाकाम रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री को फर्जी रिपोर्ट दे दी। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गाजीपुर और चंदौली में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, मैं यह कहना चाहता हूं कि यह हादसा यूपी में हुआ, इसलिए मुझे इस बारे में सूचना तो होनी चाहिए थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और पीएम के दावों में कोई सच्चाई भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिर्जापुर में दिए गए भाषण पर कहा कि वह हर दिन नया डायलॉग ढूंढ लाते हैं।
इतने बड़े पद पर होकर वह प्रदेश में घूम रहे हैं। लगता है सीटों की अदला-बदली करना चाहते हैं। वह साइकिल से घबरा गए हैं, इसीलिए इतने मंत्री लेकर प्रदेश भर में प्रचार करने आए हैं। अगर तीन वर्ष तक पीएम ने काम किया है तो परेशान क्यों हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती अभी भी भाषण देने की बजाय पढ़ रही हैं। उन्होंने जीते-जी अपनी मूर्तियां लगवा दीं। वो क्या प्रदेश का भला कर पाएंगी।
मोदी बताएं तीन साल के काम
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी रेडियो व टीवी पर मन की बात करते हैं, लेकिन कभी काम नहीं करते हैं। पीएम यह बताएं कि उन्होंने तीन साल में क्या किया। सीएम शुक्रवार को पालीटेक्निक कालेज के मैदान पर सपा प्रत्याशियों के समर्थन में हुई सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अच्छे दिनों के बहाने पूरे देश को बैंकों के बाहर लाइन में खड़ा कर दिया। नोटबंदी कर देश के गरीब आवाम को महीनों परेशान रखा। उनको यह नहीं मालूम कि पैसा काला-सफेद नहीं होता है।
हमारा आपका लेन-देन काला-सफेद होता है। कहा कि पीएम विश्व के अधिकांश देशों का भ्रमण कर चुके हैं, लेकिन यहां की जनता के लिए कुछ नहीं लेकर आए। भाजपा के लोग जाति-धर्म, शमशान व कब्रिस्तान की बात करते हैं। लेकिन सपा लैपटाप और स्मार्ट फोन की बात करती है।
पीएम काशी में तीन दिनों तक रहेंगे। इस दौरान वह चेक कर सकते हैं कि बिजली आ रही है या नहीं।
सपा सरकार ने सत्रह जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने के लिए केंद्र सरकार को भेजा लेकिन आजतक केंद्र ने उस पर विचार नहीं किया।