सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को जौनपुर जिले में ताबड़तोड़ सात जनसभाएं की। सभी जगह अखिलेश प्रधानमंत्री और भाजपा पर हमलावर रहे।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी रेडियो से शुरू होकर अब टीवी पर भी मन की बात करने लगे लेकिन उनकी मन की बात जनता की समझ से परे है। साइकल की तेज रफ्तार से वे बौखला गए हैं। दिल्ली को छोड़कर तीन दिन से वाराणसी में डेरा डाले हुए हैं।
सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ की सात जनसभाओं में अखिलेश यादव ने विकास के लिए लंबे चौड़े वादे भी किए।
बदलापुर: कड़ेरेपुर में सपा प्रत्याशी ओमप्रकाश दुबे बाबा के लिए वोट मांगते हुए सीएम ने कहा कि नोटबंदी करपीएम ने गरीबों तथा मजदूरों का उपहास किया है । आपको पत्थर वाली बुआ से होशियार रहने की जरूरत है । उन्होंने बदलापुर को आदर्श विधानसभा, महराजगंज, राजाबाजार , सिगरामऊ , बहरीपुर , घनश्यामपुर तथा लेदुका को टाउन एरिया का दर्जा देने का वादा किया।
शाहगंज: गजराज सिंह इंटर कॉलेज जमुनियां की सभा सीएम ने कहा कि यह दो युवा नेताओं का गठबंधन है। दोनों के मिलने से साइकिल की रफ्तार दोगुनी हो गई है। इससे भाजपा भयभीत है।
सिकरारा: मल्हनी के इंटर कॅालेज मीरगंज के मैदान में उन्होंने प्रत्याशी पारसनाथ यादव को जिताने की अपील की। कहा कि सरकार बनते ही समाजवादी पेंशन की राशि पांच सौ से बढ़ाकर एक हजार कर दी जाएगी। यहां इंजीनियरिंग कालेज खोला जाएगा। पुलिस भर्ती के लिए अब केवल दौड़ की परीक्षा होगी।
मडियाहूं: स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज में सपा प्रत्याशी श्रद्धा यादव के लिए वोट मांगते हुए सीएम ने कहा कि अच्छे दिन लाने का वादा कर दिल्ली की सत्ता में आए पीएम मोदी अपना वादा भूल गए।
मछलीशहर: क्षेत्र के अरुआवां गांव में सपा प्रत्याशी जगदीश सोनकर के समर्थन में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा मोदी मन की बात करते हैं और सपा के लोग काम की बात करते हैं।
जफराबाद: हौज गांव के मैदान में शचींद्रनाथ त्रिपाठी के समर्थन में हुई सभा में अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव विकास बनाम झूठ के बीच लड़ा जा रहा है। विपक्षी जितने भी सवाल उठा लें पर सपा सरकार के काम दिखाई दे रहे हैं।