पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड के मुख्य गवाह अजीत सिंह की हत्या के आरोपी प्रदेश के टॉप टेन अपराधियों में शामिल ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह और अखंड प्रताप सिंह को पूछताछ के लिए लखनऊ ले जाया जाएगा। इसके लिए लखनऊ पुलिस ने आजमगढ़ जेल में बंद दोनों अपराधियों को ले जाने के लिए वारंट बी मंडलीय कारागार में तामील करा दिया है। जेल प्रशासन ने इस संबंध में स्थानीय कोर्ट से अनुमति मांगी है।
अजीत हत्याकांड में चार्जशीट तैयार करने के लिए लखनऊ पुलिस ने वारंट बी हासिल कर उसे मंडलीय जेल में तामील कराया है। दोनों आरोपी यहां की जेल में हैं और अन्य मुकदमों में भी आरोपी हैं। इसलिए स्थानीय कोर्ट से अनुमति मांगी गई है। अनुमति के बाद लखनऊ पुलिस उन्हें ले जाएगी। -सिद्धार्थ, एसपी ग्रामीण, आजमगढ़।